इंटरनेशनल फुटबॉलर और उसकी तीरंदाज पत्नी को पांच-पांच साल की सजा
बोकारो. अवैध हथियार रखने के मामले में जिला स्थित प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश रंजीत कुमार की अदालत ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्लेयर व उसकी पत्नी को पांच-पांच साल की सजा सुनाई है। अदालत ने दोनों के ऊपर 10-10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। फुटबॉलर अजय सिंह और उसकी पत्नी तीरंदाज एंजेला सिंह के घर से 15 फरवरी 2018 को पुलिस ने छापेमारी कर प्रतिबंधित अवैध हथियार बरामद किया था।
हत्या से भी जुड़ा था मामला
15 फरवरी 2018 को दो लोगों को गोली मारी गई थी। इनमें से एक की मौत हो गई थी जबकि दूसरे की जान बच गई थी। घटना वाले दिन अजय का एंजेला से झगड़ा हो गया था। वह घर छोड़कर चली गई थी। अजय उसे तलाशते हुए बोकारो के सेक्टर-9 पहुंचा। वहां उसकी पत्नी मिली। उसे घर ले जाने की कोशिश की, लेकिन दोनों में वहीं कहा सुनी होने लगी। दोनों में झगड़े की खबर पता चलते ही अजय के दोस्त सुनील गुप्ता और अमरेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की, तभी अजय ने गुस्से में फायरिंग कर दी। सुनील के सिर में और अमरेश की जांघ में गोली लगी। घटना के बाद अजय ही सुनील को लेकर अस्पताल पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अजय मौके से फरार हो गया था। हालांकि बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। हत्याकांड व जानलेवा हमला के मामले में फुटबॉलर अजय दोष सिद्ध न होने पर बीते तीन माह पहले रिहा हो चुका है। गैर कानूनी असलहा बरामद होने का मामला चल रहा था।
कौन है आरोपी अजय सिंह?
अजय सिंह ने 1992 से ईस्ट बंगाल की टीम से फुटबॉल खेलना शुरू किया था। 1992 में वह सब जूनियर इंडिया टीम में था। 1994 में वह इस टीम का कप्तान रहा। 1996 में वह सीनियर टीम इंडिया खेल चुका है। अजय ने 2005 के विधानसभा चुनाव में आजसू (ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन) के टिकट पर चुनाव लड़ा था। पिछला विधानसभा चुनाव तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर लड़ा। वह आजसू के सेंट्रल सेक्रेटरी की पोस्ट पर भी रह चुका है। अजय को शक था कि एंजेला और अमरेश का अफेयर चल रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना था कि अमरेश और एंजेला ने अफेयर की बात अभी कबूल नहीं की थी।
इंटरनेशनल तीरंदाज है एजेंला
इंफाल की रहने वाली एंजेला सिंह इंटरनेशनल तीरंदाज है। उनके पिता और बुआ भी मशहूर तीरंदाज रह चुके हैं। एंजेला की अजय से 2002 में शादी हुई थी। उसके बाद वह 2005 में बोकारो आई और 2010 में यहां तीरंदाजी की नींव रखी। पुलिस का कहना था कि अजय सिंह अपनी इंटरनेशनल इमेज की आड़ में हथियारों की तस्करी कर रहा था। उसके सेक्टर-9 स्थित घर से 1 देसी कारबाइन, 1 डबल बैरल देसी पिस्टल, 2 सिंगल बैरल देसी पिस्टल, 9 एमएम बोर के 5 कारतूस, 0.315 बोर के 8 कारतूस मिले थे। पुलिस ने उसके जरीडीह के अराजू गांव स्थित पुश्तैनी मकान से 1 सिंगल बैरल देसी पिस्टल, 0.315 बोर के 6 कारतूस, 7.65 बोर के 7 कारतूस और कुछ मैग्जीन बरामद किया था।
Comments
Post a Comment