झारखंड की आधा दर्जन सीटों पर एक ही जाति के प्रत्याशी आमने-सामने
झारखंड की 14 लोकसभा सीटों के लिए प्रमुख दलों ने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। इनमें आधे दर्जन से ज्यादा सीटें ऐसी हैं जहां एक ही जाति के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। इससे चुनाव रोचक होने की संभावना है।
खूंटी लोकसभा सीट से भाजपा की ओर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मैदान में हैं, वहीं कांग्रेस से पूर्व विधायक कालीचरण मुंडा हैं। दोनों मुंडा जाति से आते हैं और खूंटी लोकसभा क्षेत्र मुंडा बहुल इलाका है। यहां से भाजपा के कड़िया मुंडा सांसद हैं, लेकिन इस चुनाव में उनकी जगह अर्जुन मुंडा को टिकट दिया गया है। वहीं, कालीचरण मुंडा दूसरी बार खूंटी से लोकसभा चुनाव में हाथ आजमायेंगे। लोहरदगा से भाजपा सांसद सुदर्शन भगत का कांग्रेस के सुखदेव भगत से मुकाबला है। सुदर्शन भगत लगातार दो बार से सांसद हैं और केंद्र में राज्य मंत्री भी हैं। वहीं, सुखदेव भगत कांग्रेस के विधायक हैं। दोनों उरांव जाति के नेता हैं और क्षेत्र में इनकी बहुलता भी है। ऐसे में दोनों के बीच कड़ी टक्कर हो सकती है।
चतरा सीट पर महागठबंधन के घटक दल राजद और कांग्रेस दोनों ने यादव जाति के प्रत्याशी दिये हैं। कांग्रेस के विधायक मनोज यादव और राजद के सुभाष यादव मैदान में हैं। दोनों में से कोई अपना नामांकन वापस नहीं लेता है तो दोनों के बीच चुनावी जंग होगी।
कोडरमा लोकसभा सीट पर भी राजद छोड़ भाजपा में आयी अन्नपूर्णा देवी (यादव) और भाकपा माले के प्रत्याशी राजकुमार यादव मैदान में हैं। वहीं, गिरिडीह में झामुमो के जगरनाथ महतो और आजसू के चंद्र प्रकाश चौधरी लड़ रहे हैं। दोनों कुरमी जाति से हैं और इस लोकसभा क्षेत्र में कुरमी वोट निर्णायक होते हैं। दुमका सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन झामुमो के प्रत्याशी के रूप में हैं, उनकी लड़ाई भाजपा के सुनील सोरेन से होगी। दोनों में 2014 में भी जंग हुई थी। इसमें शिबू सोरेन को 3,35,815 वोट आये थे, सुनील सोरेन को 2,96,785 मत मिले थे।
पलामू में सांसद वीडी राम और राजद के घुरन राम में टक्कर होगी। पिछले चुनाव में वीडी राम को 4,76,513 और झाविमो के घुरन राम को 1,56,832 वोट मिले थे।
Comments
Post a Comment