रवींद्र पाण्डेय का बयान - अब नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव





गिरिडीह के निवर्तमान सांसद रवींद्र पांडेय ने भाजपा की सियायत में हलचल मचाने के बाद अब लोकसभा चुनाव नहीं लडऩे की घोषणा कर दी है। मालूम हो कि इससे पहले उन्होंने पार्टी लाइन से बगावत करते हुए बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर गिरिडीह से चुनाव लडऩे का एलान कर दिया था।


बेटिकट सांसदों को भाजपा ने घोषित किया है स्टार प्रचारक: मालूम हो कि भाजपा ने पार्टी के चार बेटिकट सांसदों को स्टार प्रचारक बनाया था। गिरिडीह सांसद रवींद्र पांडेय के अलावा रांची के सांसद रामटहल चौधरी, खूंटी के सांसद कडिय़ा मुंडा और कोडरमा सांसद प्रो रवींद्र राय को भाजपा ने इस बार लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया है। इनमें कडिय़ा मुंडा और रवींद्र राय तो पार्टी के साथ बने रहे, लेकिन रामटहल चौधरी और रवींद्र पांडेय नाराज हो गए। रामटहल चौधरी ने रांची से निर्दलीय चुनाव लडऩे की घोषणा कर दी है।


गठबंधन के बाद आजसू के खाते में गई है गिरिडीह लोकसभा सीट: दरअसल, झारखंड में गठबंधन के बाद गिरिडीह लोकसभा सीट पर अब भाजपा के समर्थन से आजसू चुनाव लड़ेगी। इसलिए क्षेत्र के पांच बार सांसद रहे रवींद्र राय को पार्टी ने छठी बार मौका नहीं दिया। इस बार यहां से आजसू के उम्मीदवार चंद्रप्रकाश चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं।


रवींद्र बोले- भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता, एनडीए प्रत्याशी के लिए करूंगा चुनाव प्रचार:शुक्रवार को रवींद्र पांडेय ने कहा कि वे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। वे एनडीए समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे। मालूम हो कि बसपा से पहले रवींद्र पांडेय के आजसू से भी चुनाव लडऩे की बात सामने आई थी। इन बातों को रवींद्र ने भी नकारा नहीं था। उस समय उन्होंने कहा था कि समय आने पर सब पता चल जाएगा।


पार्टी अध्यक्ष से हुई है बात: बसपा से चुनाव लडऩे की घोषणा कर चुके रवींद्र पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से उनकी बात हुई। उनसे बात कर अब वे पूरी तरह से संतुष्ट हैं। उनके मन में अब कोई शिकवा नहीं। ऐसे में अब भाजपा नेताओं का यही कहना है कि सुबह का भूला शाम में घर लौट आया।


Comments