भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ बोले-भविष्य में मेरे परिवार से कोई राजनीति में नहीं आएगा








भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ ने कहा है कि देश में आज राष्ट्रवाद बनाम विघटनकारी ताकतों की लड़ाई है। भाजपा ने एक सामान्य कार्यकर्ता को चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। मैं आज ही संकल्प लेता हूं कि भविष्य में मेरे परिवार का या मेरा कोई रिश्तेदार राजनीति में नहीं आएगा। चुनाव जीतने पर सभी छह विधानसभा में एक-एक दिन बैठकर जनता की समस्याओं का समाधान करुंगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए दरवाजा हमेशा खुला रहेगा। पूरे लोकसभा क्षेत्र में शिकायत निवारण केंद्र खोला जाएगा। सेठ मोरहाबादी मैदान में नामांकन से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।















विधायक और प्रदेश पदाधिकारी हुए शामिल

संजय सेठ के नामांकन से पहले मोरहाबादी मैदान में जनसभा का आयोजन किया गया था। सुबह लगभग 11 बजे से ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता जुटने लगे। संजय सेठ पूजा-अर्चना करने के बाद दोपहर लगभग 12 बजे मोरहाबादी मैदान पहुंचे। सभा में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, विधायक नवीन जयसवाल, रामकुमार पाहन व जीतू चरण राम, जदयू प्रदेश प्रभारी अरूण कुमार सिंह व आजसू के ललित ओझा समेत अन्य लोगों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि कुछ लोग खाते हैं हिन्दुस्तान का और गुण पाकिस्तान का गाते हैं। आज पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर रहा है, लेकिन पाकिस्तान परस्त लोगों को भारत की प्रगति नहीं देखी जा रही है। नवीन जायसवाल ने कहा कि पार्टी ने अबकी बार 400 पार का नारा दिया है, जिसमें सबसे बड़ा कमल का फूल रांची से हो।  ऐसा लक्ष्य लेकर सभी को अपनी भूमिका निभानी है। 


कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष मनोज मिश्रा और धन्यवाद ज्ञापन ग्रामीण महामंत्री अमरनाथ महतो ने दिया। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहु, सत्यनारायण सिंह, केके गुप्ता, सुनीता देवी, मुकेश सिंह, जदयू के संजय सहाय, आजसू के जैलेंद्र कुमार समेत भाजपा, आजसू व जदयू के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। संजय सेठ फूलों से सजे वाहन पर लगभग 2.30 बजे नामांकन करने पहुंचे। मोराहबादी मैदान से कचहरी चौक तक रोड-शो किया गया। वाहन पर से संजय सेठ फूल माला से लदे लोगों का अभिवादन कर रहे थे। उनके साथ वाहन पर विधायकों के अलावा पार्टी के पदाधिकारी मौजूद थे। वाहन के आगे व पीछी भारी संख्या में कार्यकर्ता चल रहे थे। ढोल-बाजे के साथ भाजपा की जीत का नारा लगाते सभी कचहरी चौक पहुंचे। इसके बाद संजय सेठ नामांकन करने समाहरणालय चले गए और कार्यकर्ता वापस मोरहाबादी मैदान लौट गए। 











Comments