पलामू चतरा व लोहरदगा में भाजपा उम्मीदवार संपत्ति मामले में महागठबंधन से तिगुना आगे








झारखंड में पहले चरण की तीनों लोकसभा सीटों के भाजपा उम्मीदवार संपत्ति में महागठबंधन के उम्मीदवारों से तिगुना आगे हैं। चतरा, लोहरदगा और पलामू के भाजपा उम्मीदवारों की कुल घोषित संपत्ति 24 करोड़ 95 लाख रुपए है। जबकि इन तीन सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवारों की कुल चल-अचल संपत्ति महज सात करोड़ 49 लाख रुपए की है। इसका खुलासा इन उम्मीदवारों की ओर से नामांकन दाखिल करते समय शपथ-पत्र में दिए गए ब्योरे से होता है। इनमें प्रत्याशियों की पत्नियों की संपत्ति की घोषणा भी शामिल है।


पहले चरण के चुनावी रण में भाग्य आजमा रहे कुल 59 उम्मीदवारों में 20 करोड़पति हैं। चतरा के तीनों और पलामू के दोनों प्रमुख उम्मीदवार इस क्लब के सदस्य हैं। लोहरदगा से भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत की संपत्ति ही करोड़ को आंकड़े को नहीं छू पायी है। चतरा से भाजपा उम्मीदवार सुनील सिंह की अकेले 21 करोड़ 99 लाख की संपत्ति हैं। उनकी पत्नी के पास 72 लाख की घोषित संपत्ति है। यह दंपति चतरा, लोहरदगा और पलामू के प्रत्याशियों में सबसे धनवान है।


दूसरे नंबर पर सबसे धनवान प्रत्याशी चतरा से राजद के सुभाष यादव हैं। इनके पास छह करोड़ 65 लाख की संपत्ति है। सुभाष यादव राजद उम्मीदवार होते हुए भी महागठबंधन के प्रत्याशी नहीं है। इसलिए राजग और महागठबंधन के उम्मीदवारों की संपत्ति की तुलना में उन्हें नहीं जोड़ा गया है.


 राजद के दोनों उम्मीदवार दागी: राजद के टिकट पर चतरा और पलामू से चुनाव लड़ रहे दोनों प्रत्याशी दागी हैं। सुभाष यादव के खिलाफ बालू खनन से जुड़े कानून के उल्लंघन के तीन मामले लंबित हैं। पलामू के राजद उम्मीदवार घूरन राम पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के दो केस चल रहे हैं। दोनों उम्मीदवारों में से किसी के खिलाफ अभी तक दोष सिद्ध नहीं हुआ है। पलामू से निर्दलीय उम्मीदवार दिनेश राम हत्या के प्रयास का मुकदमा झेल रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस के किसी भी उम्मीदवार ने अपने खिलाफ किसी लंबित या दोषसिद्ध मामले के होने की घोषणा नहीं की है।


दो इंजीनियर, एक वकील और एमबीए भी मैदान में: पहले चरण के चुनाव में दो इंजीनियर, एक वकील और एक एमबीए भी ताल ठोक रहे हैं। चतरा से भाजपा सांसद और उम्मीदवार सुनील सिंह बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर की उपाधि हासिल कर चुके हैं। इसी तरह लोहरदगा से चुनाव लड़ रहे दो निर्दलीय उम्मीदवार आनंद पॉल तिर्की और अंबर सौरभ कुणाल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं। चतरा से निर्दलीय उम्मीदवार योगेंद्र यादव लॉ ग्रेजुएट हैं। पलामू से भाजपा उम्मीदवार वीडी राम भारतीय पुलिस सेवा से अवकाशप्राप्त हैं। लोहरदगा के कांग्रेस उम्मीदवार सुखदेव भगत ने दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई की है।


महागठबंधन के उम्मीदवार भाजपा से जवान: तीनों लोकसभा सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवारों की औसत आयु भाजपा उम्मीदवारों से कम है। भाजपा के उम्मीदवारों की औसत आयु 58 साल है। जबकि कांग्रेस के तीनों उम्मीदवारों की औसत आयु 47 साल है।


Comments