पारा शिक्षकों को मिला बढ़ा हुआ मानदेय, एक महीने की राशि जारी
राज्य के 64,959 पारा शिक्षकों के लिए नवंबर 2018 से जनवरी 2019 तक के बकाया मानदेय की राशि जारी कर दी गई है। इसमें जनवरी से उनके लिए बढ़े हुए मानदेय के साथ एक महीने के लिए 75.27 करोड़ जारी किए गए। राज्य के पारा शिक्षक 16 नवंबर से 17 जनवरी तक हड़ताल पर थे। ऐसे में सरकार ने एक से 15 नवंबर और 18 से 31 जनवरी तक की राशि जारी की है। पारा शिक्षकों के लिए जनवरी 2019 से बढ़े हुए मानदेय के आधार पर राशि जारी की गई है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने राशि सीधे पारा शिक्षकों के बैंक खाते में डाल दिया है। बढ़े हुए मानदेय के तहत क्लास छह से आठ तक के प्रशिक्षित व टेट पास पारा शिक्षकों को 15 हजार रुपये मिलेंगे। वहीं, जो सिर्फ प्रशिक्षित हैं उन्हें 13 हजार और अप्रशिक्षित को 11,500 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा के क्लास एक से पांच तक के प्रशिक्षित व टेट पास पारा शिक्षकों को 14 हजार रुपये मिलेंगे। वहीं, जो सिर्फ प्रशिक्षित हैं उन्हें 12 हजार और अप्रशिक्षित को 10,500 रुपये मिलेंगे। दो महीने का अभी भी है बकाया राज्य के पारा शिक्षकों का अभी भी दो महीने का मानदेय बकाया है। पारा शिक्षकों को फरवरी और मार्च महीने के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। होली से पहले भी पारा शिक्षकों के एक महीने (अक्तूबर) का मानदेय जारी किया गया था। पारा शिक्षकों का कहना है कि बकाये मानदेय के साथ-साथ राज्य के दूसरे कर्मचारियों की तरह महीने के पहले सप्ताह में मानदेय का भुगतान सुनिश्चित की जाये।
Join Our WhatsApp group for Latest Updates

Comments
Post a Comment